महमूदाबाद सीएचसी में औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम, लापरवाही पर जताई नाराज़गी, दिए गए सख्त दिशा निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : महमूदाबाद में शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे जिला अधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद पहुंचे। उनके औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

डीएम ने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया, जहां मरीजों के रजिस्टर और दवा वितरण की स्थिति देखी। व्यवस्था में खामियां मिलने पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने ओपीडी पंजीकरण कक्ष का जायजा लिया, जहां मरीजों को पर्चा वितरण की धीमी व्यवस्था देखकर उन्होंने गहरी नाराज़गी जताई।

निरीक्षण के दौरान स्टोर कक्ष में विद्युत व्यवस्था ठप मिलने पर डीएम ने असंतोष व्यक्त किया और तुरंत लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश दिया। आगे बढ़ते हुए उन्होंने महिला चिकित्सालय का भी बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य में शिथिलता पाई जाने पर डीएम ने बीपीएम का कुछ दिनों का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए। निरीक्षण के बीच डीएम से स्थानीय समाजसेवियों ने विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की, जिन पर उन्होंने शीघ्र निस्तारण और सुधार का आश्वासन दिया।

डीएम ने कहा कि “जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, व्यवस्था में तत्काल सुधार हो।” यह औचक निरीक्षण स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *