स्टंटबाजी और ड्रंक एंड ड्राइव पर भी होगी प्रभावी कार्रवाई, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की अब खैर नहीं

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सीतापुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जनपद में पहली बार अत्याधुनिक तकनीक से लैस इंटरसेप्टर वाहन को यातायात पुलिस के बेड़े में शामिल किया गया है।

मंगलवार, 28 जुलाई को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर यातायात विभाग को सुपुर्द किया। इस वाहन के जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर तकनीकी माध्यम से प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।

ओवरस्पीड से लेकर स्टंटबाजी तक पर नजर : इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, स्टंटबाजी, ड्रंक एंड ड्राइव, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघनों की निगरानी की जा सकेगी। नियमों का उल्लंघन सामने आने पर साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस हाईटेक वाहन में हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, स्पीड डिटेक्शन सिस्टम, वीडियो रिकॉर्डिंग और पब्लिक एड्रेस सिस्टम समेत कई आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इन तकनीकों की मदद से वाहनों की गति और यातायात नियमों के उल्लंघन की पहचान अधिक सटीक तरीके से की जा सकेगी।

सड़क सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा : पुलिस के मुताबिक इंटरसेप्टर वाहन की तैनाती से जनपद में यातायात नियमों के पालन को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

इंटरसेप्टर वाहन के सड़क पर उतरने के बाद तेज रफ्तार वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन दौड़ाने, खतरनाक तरीके से स्टंट करने और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रहने की उम्मीद है। पुलिस की इस पहल से यातायात व्यवस्था में अनुशासन बढ़ने के साथ ही सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *