ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद ग्रामीण क्षेत्र के बाबूपुर में विकास कार्यों को नई सोच और रचनात्मकता के साथ धरातल पर उतारने की दिशा में विकासखंड महमूदाबाद की ग्राम पंचायत बाबूपुर ने सराहनीय पहल की है। ग्राम पंचायत में ग्रामीणों विशेषकर युवाओं को स्वस्थ और फिट रखने के उद्देश्य से आधुनिक सुविधाओं से युक्त ओपन जिम तैयार कराया गया है। इसका उद्घाटन विकास खंड अधिकारी सुमित सिंह ने फीता काटकर किया।
ग्राम प्रधान अनीशा और ग्राम विकास अधिकारी अवनीश कुमार रावत के नेतृत्व में तैयार कराया गया यह ओपन जिम ग्रामीण विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण का बेहतर उदाहरण बनकर सामने आया है। अब गांव के युवाओं, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों को व्यायाम के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। गांव में ही खुले वातावरण में नियमित व्यायाम की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
बेकार टायरों को बनाया उपयोगी, दिखी रचनात्मक सोच : बाबूपुर के ओपन जिम की खासियत केवल आधुनिक व्यायाम उपकरण ही नहीं हैं, बल्कि परिसर को आकर्षक बनाने के लिए बेकार और पुराने टायरों का रचनात्मक इस्तेमाल भी किया गया है। इन्हीं टायरों से सुंदर और उपयोगी बैठक व्यवस्था तैयार की गई है। इससे एक ओर अनुपयोगी सामग्री का सदुपयोग हुआ है, वहीं दूसरी ओर परिसर की सुंदरता भी बढ़ी है।
ओपन जिम परिसर में फूलदार पौधे और हरियाली विकसित कर वातावरण को भी बेहतर बनाया गया है। हरियाली से घिरे इस परिसर को ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य, व्यायाम और कुछ समय सुकून से बिताने के अनुकूल बनाया गया है।
स्वास्थ्य के साथ गांव के विकास को भी मिली नई दिशा : ओपन जिम की शुरुआत को ग्रामीणों ने गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में ऐसी सुविधा उपलब्ध होने से बच्चों और युवाओं में व्यायाम के प्रति रुचि बढ़ेगी। साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्यों में यदि इसी तरह स्थानीय जरूरतों और रचनात्मक सोच को प्राथमिकता दी जाए तो गांवों की तस्वीर और बेहतर हो सकती है।
इस अवसर पर अवर अभियंता कमलेश मौर्य, रोजगार सेवक जयकुमार वर्मा, पंचायत सहायक शिवांगी वर्मा सहित रजनीश कुमार, आदर्श सिंह, मुनीम अहमद, फरमान, कुलदीप कुमार, राजू समेत बड़ी संख्या में अन्य लोग भी मौजूद रहे।
