बेखौफ चोरों का कहर, गेट का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर :  थाना रामपुर कलां क्षेत्र अंतर्गत जोतपुर (पकारिया) गांव में बुधवार की देर रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक आवास को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। अज्ञात चोर घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और कीमती सामान समेट कर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित शिवम् शुक्ला उर्फ धीरू पुत्र संतोष कुमार शुक्ला द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, चोरों ने घर में रखे दो एचपी कंपनी के लैपटॉप, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाला, चांदी की एक जोड़ी पायल, एक स्मार्ट वॉच तथा लगभग सात हजार रुपये नगद समेत अन्य आवश्यक सामान चोरी कर लिया। वारदात की जानकारी परिजनों को सुबह जागने पर हुई, जिसके बाद तत्काल थाना रामपुर कलां पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर दहशत का माहौल है और लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *