ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के निर्देशानुसार जनपद की सभी 19 विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में स्थित चकमार्गों को कब्जा मुक्त कर उनकी पटाई कराने का अभियान तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में विकास खंड पहला की ग्राम पंचायत तुरसेना के राजस्व ग्राम घुरेहटा में वर्षों से अवरुद्ध पड़े दो चकमार्गों को पुनः चालू करा दिया गया है, जिससे किसानों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव में स्थित गाटा संख्या 177 एवं 187 के चकमार्गों पर लंबे समय से कब्जा होने के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि ये दोनों चकमार्ग लगभग 40 वर्षों से अवरुद्ध थे, जिससे खेतों तक पहुंचने और कृषि कार्यों में दिक्कतें बनी रहती थीं।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के स्पष्ट निर्देशों के बाद ग्राम स्तर पर कार्रवाई करते हुए रोजगार सेवक उदयराज सिंह यादव ने दोनों चकमार्गों की पटाई कराकर उन्हें सुचारु रूप से तैयार कराया। चकमार्गों के पुनर्निर्माण से अब किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में सुविधा होगी, वहीं ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता भी आसान हो गया है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के इस नहितकारी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की सक्रियता से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान संभव हो सका है। साथ ही रोजगार सेवक उदयराज सिंह यादव के प्रयासों की भी लोगों ने प्रशंसा की, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए चकमार्गों को तैयार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीणों का मानना है कि चकमार्गों के सुचारु होने से न केवल कृषि कार्यों को गति मिलेगी, बल्कि गांव के विकास और आमजन की सुविधाओं में भी वृद्धि होगी। प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान किसानों और ग्रामीणों के हितों की रक्षा की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है।
