ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर: जनपद के विकासखंड महमूदाबाद , पहला समेत जिले के सभी विकास खंडों में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारियों ने सम्मानजनक वाहन भत्ता प्राप्त करने की मांग को लेकर सत्याग्रह आंदोलन के तृतीय चरण की शुरुआत कर दी है। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आंदोलनरत सचिवों ने घोषणा की है कि सत्याग्रह अवधि में वे किसी भी प्रकार के यंत्र चालित वाहन का प्रयोग नहीं करेंगे। वर्तमान में प्राप्त होने वाले साइकिल भत्ता के अनुरूप वे केवल साइकिल या अन्य गैर-यांत्रिक साधनों से ही विभागीय कार्यों का संपादन करेंगे। इस लिए बुधवार को महमूदाबाद में ग्राम विकास एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों ने साइकिलों पर सवार होकर कार्यालय परिसर में पहुंचे । कर्मचारियों का कहना है कि उचित संसाधन व पर्याप्त भत्ता उपलब्ध कराए बिना सरकारी कार्य उन्हीं के पारिवारिक बजट पर बोझ डालकर करवाया जा रहा है, जिसके विरोध में यह शांतिपूर्ण सत्याग्रह चलाया जा रहा है। सत्याग्रह आंदोलन के तीसरे चरण के प्रथम दिन सभी सचिवों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में भ्रमण तथा विकासखंड स्तर की बैठकों में साइकिल से पहुंचकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। समिति ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह सविनय अवज्ञा पर आधारित है और मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा।
