सीतापुर में दिल दहला देने वाली घटना: चार दिन से लापता 8 वर्षीय मासूम का शव कुएं से बरामद, पूरे गांव में पसरा मातम

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : थाना थानागांव  क्षेत्र के चंदैली गांव में बुधवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चार दिन से लापता 8 वर्षीय आदित्य उर्फ अतिब का शव गांव के ही एक कुएं से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मासूम आदित्य, पुत्र सुरेश कुमार, रविवार दोपहर से लापता था, जिसके बाद से परिवार व पूरे गांव में भारी चिंता का माहौल था।

बहन ने देखा तो दहशत में चीख पड़ी : जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह लगभग 10:30 बजे आदित्य की छोटी बहन चांदनी खेलते हुए जब कुएं के पास पहुंची, तो उसने कुएं में नीचे एक शव को उतरता हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही वह जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने कुएं में उतरकर शव को बाहर निकाला। बाहर आते ही शव की पहचान आदित्य उर्फ अतिब के रूप में हुई।

रविवार से था लापता, नदी में डूबने की आशंका से परेशान थे परिजन : परिजनों के मुताबिक, रविवार को आदित्य घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह अचानक गायब हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। गांव के पास बहने वाली चौका नदी के कारण परिवार को आशंका थी कि कहीं वह नदी में न गिर गया हो। इसी चिंता में परिजन तीन दिनों से बेहद परेशान थे।

पिता ने दी थी तहरीर, पुलिस ने दर्ज किया था गुमशुदगी का मामला : आदित्य के लापता होने पर उसके पिता सुरेश कुमार ने सोमवार को थानागांव थाने में तहरीर दी थी। थाना प्रभारी विमल गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। बुधवार को बच्चे का शव घर के पास स्थित कुएं से बरामद होना दुखद और चिंताजनक है।

लेखपाल ने किया निरीक्षण, पोस्टमार्टम को भेजा गया शव : घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय लेखपाल नरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन महमूदाबाद को भेजी। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

गांव में शोक, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल :

मासूम की मौत से पूरे गांव में गम का माहौल व्याप्त है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और बच्चे की मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने घटना की पूरी जांच कराने की मांग की है। यह दर्दनाक घटना गांव में सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की निगरानी पर भी सवाल खड़े करती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *