प्रदेश स्तरीय दिव्यांग अधिकार महासम्मेलन संपन्न, दिव्यांग जनों के सशक्तिकरण पर रहा फोकस

ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर: खैराबाद में बुधवार को आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन द्वारा प्रदेश स्तरीय दिव्यांग अधिकार महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, वृद्धजन, निराश्रित महिलाएं, समाजसेवी तथा सम्मानित नागरिकों ने भाग लिया। महासम्मेलन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग, निराश्रित एवं वृद्ध व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा, उनकी मूलभूत समस्याओं के समाधान तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।

मुख्य अतिथि का संबोधन : महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी राजकुमार उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजन को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां : कार्यक्रम में दिव्यांग कलाकारों ने वंदना, स्वागत गीत, भजन और प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए। बबलू, किरण गौतम, कवि कमलेश मौर्य मृदु और सगीर भारती की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।

विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी : कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा, वरिष्ठ समाजसेवी सागर गुप्ता, परियोजना अधिकारी अनिल कुमार चौधरी, जिला प्रोबेशन विभाग से साक्षी शुक्ला, बार एसोसिएशन अध्यक्ष विजय कुमार अवस्थी, अमर उजाला ब्यूरो चीफ सुधांशु सक्सेना, अमृत विचार ब्यूरो चीफ जीशान कदीर, समाजसेवी गोपाल टंडन, डॉ. आरती श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और उन्होंने दिव्यांग सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे।

सम्मान समारोह एवं सहयोग :  दिव्यांगों के उत्थान में कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। साथ ही दिव्यांगजन, वृद्धजन, पत्रकार, किसान, व्यापारी, अधिवक्ता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार, कुष्ठ रोगी, बागवान, महन्त एवं सभासदों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजन को भोजन भी कराया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सावन कुमार हिमांशु, कौशल किशोर, प्रीति, हरिलाल, शैलेंद्र सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आयोजक एवं पदाधिकारी : सम्मेलन में फाउंडेशन के संरक्षक शुभम गुप्ता, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव सिंह, उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ला, सचिव बिंदू मौर्या, कोषाध्यक्ष विजय पाल गुड्डू, संदीप सैनी, प्रदीप कुमार मौर्य सहित फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *