ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद इलाके कंचनपुर पवार हाउस के अंतर्गत बिरासी गांव में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। गांव में कई स्थानों पर बिजली के खंभे तो लगाए गए हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि आज तक उन खंभों पर एलटी लाइन डाली ही नहीं गई है। इस अव्यवस्था के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि खंभे मौजूद होने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा एलटी तार न लगाए जाना अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। मजबूरी में ग्रामीणों को काफी दूर से अपने घरों तक बिजली कनेक्शन खींचना पड़ रहा है, जिससे न केवल अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है, बल्कि हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। न तो खंभों पर एलटी लाइन डाली गई और न ही मौजूदा अव्यवस्थित तारों को सुरक्षित किया गया।
स्थिति इतनी गंभीर है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन बिजली विभाग आंखें मूंदे बैठा है। ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने ध्यान नहीं दिया तो किसी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से बिजली के सभी खंभों पर एलटी लाइन लगाई जाए और बिजली आपूर्ति को सुरक्षित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अब बड़ा सवाल यह है कि बिजली विभाग और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है, या फिर हमेशा की तरह किसी हादसे के बाद ही नींद से जागेगा?
