ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: विकासखंड पहला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिरासी में टीकाकरण के दौरान कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात एएनएम द्वारा लापरवाही बरते जाने से चार माह के मासूम की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्राम बिरासी निवासी इसराज पुत्र कल्लू ने इस संबंध में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित के अनुसार, उसका चार माह का पुत्र अब्दुल कलाम दिनांक 15 दिसंबर 2025 को आंगनबाड़ी केंद्र बिरासी पर नियमित टीकाकरण के लिए लाया गया था। आरोप है कि एएनएम द्वारा एक ही समय पर बच्चे को चार टीके लगा दिए गए, जिसके कुछ ही समय बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों का कहना है कि बच्चे की तबीयत बिगड़ने की सूचना तत्काल संबंधित एएनएम को दी गई, लेकिन आरोप है कि न तो मौके पर कोई प्राथमिक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई और न ही बच्चे को उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजने की व्यवस्था की गई। हालत गंभीर होने पर परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर सिधौली पहुंचे, जहां एक निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को चिंताजनक बताया।
पीड़ित इसराज का आरोप है कि एएनएम द्वारा दी गई जानकारी भ्रामक थी। इतना ही नहीं, बाद में फोन पर संपर्क करने पर कथित रूप से डीएम-एसडीएम के पास जाने की धमकी भी दी गई, और कहा चाहे जहां चले जाओ कुछ नहीं होगा, जिससे पीड़ित परिवार और अधिक भयभीत हो गया।
पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी एएनएम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से अपील की है कि भविष्य में किसी अन्य मासूम की जान के साथ ऐसी लापरवाही न हो और पीड़ित परिवार को भी न्याय
मिल जाए।
