11 हजार वोल्ट का कहर: घर में उतरा हाई वोल्टेज, करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत, कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद के थाना रामपुर कला क्षेत्र के ग्राम सिपुरी सडोंर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम और आक्रोश में डुबो दिया। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रांसफार्मर से अचानक 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन घरेलू आपूर्ति में उतर गई, जिससे पूरे गांव में हाई वोल्टेज फैल गया और कई घरों के बिजली उपकरण जलकर नष्ट हो गए।

बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे हुए इस हादसे के दौरान गांव निवासी मुन्ना लाल (20 वर्ष), पुत्र अरविंद वर्मा अपने घर में मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि अत्यधिक विद्युत प्रवाह के कारण चल रहा टेबल फैन करंट की चपेट में आ गया और उसके संपर्क में आने से मुन्ना लाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों के अनुसार हाई वोल्टेज के चलते गांव के कई घरों में लगे पंखे, टीवी, फ्रिज, कूलर सहित अन्य विद्युत उपकरण भी जल गए, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि जब वे थाना रामपुर कला में शिकायत पत्र देने पहुंचे तो तत्काल उनकी तहरीर स्वीकार नहीं की गई और उन्हें जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया।

गांव में एकत्र हुए लोगों ने कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जाती तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक वे न्याय की मांग पर डटे रहेंगे।

वहीं, विद्युत विभाग के एसडीओ ने बताया कि विभागीय टीम को मौके पर भेजकर पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गांव में गम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए और यदि विभागीय लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *