सीटीईटी परीक्षा का आगाज: कड़ी सुरक्षा के बीच 12 केंद्रों पर 9,936 अभ्यर्थी हुए शामिल , तीन दिनों तक चलेगी परीक्षा

 

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : जिले में गुरुवार से शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) का आयोजन कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गया। परीक्षा के पहले दिन जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कुल 9,936 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच और तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र, प्रवेश पत्र और निर्धारित दिशा-निर्देशों का गहनता से पालन कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ केंद्र व्यवस्थापकों और सेक्टर अधिकारियों की भी तैनाती की गई है।

पहली और दूसरी पाली में 4,968-4,968 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ पहुंचने लगी थी। प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने की अपील की गई थी, ताकि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में जिले भर से कुल 24,840 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। परीक्षा कक्षों के बाहर सुरक्षा कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

इस वर्ष जिले में कार्यरत लगभग 4,000 शिक्षकों ने भी शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन किया है। ऐसे में परीक्षा को लेकर शिक्षकों और अन्य अभ्यर्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा में शामिल हो सकें।

जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *