तालगांव इलाके के गांव में डकैती कांड के बाद मौके पर पहुंचे आईजी किरण एस, संबंधित को दिए सख्त निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना तालगांव क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर गांव में हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात के बाद सोमवार को आईजी किरण एस घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की गहन समीक्षा की।

गौरतलब है कि बीते एक दिन पूर्व नकाबपोश डकैतों ने तमंचे की नोक पर इलाके के रसूलपुर गांव निवासी रिटायर्ड लेखपाल के घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को आतंकित कर नगदी समेत लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था और लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई और डकैतों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर अलग-अलग दिशाओं में रवाना की गईं।

घटनास्थल पर पहुंचे आईजी किरण एस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को मामले के शीघ्र खुलासे के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए और कहा कि किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

आईजी ने जांच टीमों को तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आमजन में विश्वास बहाल करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डकैती की इस वारदात के खुलासे के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *