युवक की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप, एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल , निष्पक्ष जांच भी जारी

ब्यूरो रिपोर्ट , सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुसेपुरवा मजरा गुलौली निवासी 21 वर्षीय युवक अरविंद पुत्र कमलेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था । 15 जनवरी 2026 को अरविंद का शव रसूलाबाद गांव के पास निकले नाले के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर कर शव का पोस्टमार्टम कराया था।

मृतक के पिता कमलेश पुत्र भजन ने थाना कोतवाली महमूदाबाद में लिखित प्रार्थना पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए थे। और उन्होंने बताया था कि उनके बेटे अरविंद को गांव के ही चार लोग राम दयाल पुत्र मातादीन, सुख बंधन पुत्र मातादीन, सुखदई पत्नी सुखबंधन (निवासी घुसेपुरवा) तथा कमलेश पुत्र राजाराम निवासी मोहम्मदपुर लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे।

आरोप है कि उक्त लोग अरविंद से कहते थे, “मेरे हाथों से ही तुम्हारी मौत होगी।” परिजनों का कहना है कि इन्हीं धमकियों के चलते उनके बेटे की मौत हुई है और यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।

पीड़ित पिता कमलेश ने पुलिस से पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा संख्या 0021/2026 धारा 108, 351 बीएनएस के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले में कार्रवाई करते हुए थाना महमूदाबाद के उपनिरीक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं अन्य पुलिस बल ने थाना महमूदाबाद में पंजीकृत मु0अ0सं0 21/26 धारा 108/351(3) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त रामदयाल पुत्र मातादीन निवासी घुसेपुरवा गुलौली, थाना महमूदाबाद, जनपद सीतापुर को गिरफ्तार कर चालान माननीय न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *