ब्यूरो रिपोर्ट,लखनऊ : राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित जनेश्वर अपार्टमेंट में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। महमूदाबाद निवासी 35 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर प्रबल जैन ने कथित रूप से 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक प्रबल जैन अपनी पत्नी शिवानी जैन के साथ अपार्टमेंट में किराए पर रहते थे। पुलिस के अनुसार, मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें प्रबल ने आईपीएल सट्टेबाजी में अपनी पूरी जमा-पूंजी गंवाने की बात स्वीकार की है। नोट में उन्होंने अपने इस कदम के लिए पत्नी और परिवार से माफी भी मांगी है।
परिजनों के मुताबिक, प्रबल पिछले कुछ समय से लगातार आईपीएल मैचों में व्यस्त रहते थे।
और मानसिक रूप से काफी तनाव में थे। उनकी पत्नी शिवानी ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले प्रबल का फोन आया था, जिसमें वह रो रहे थे और कह रहे थे कि “मैं सब कुछ हार चुका हूं।” इसके बाद अचानक फोन कट गया और कुछ ही देर में उनके कूदने की खबर मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी गाजीपुर अनिल विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस सुसाइड नोट, बैंक स्टेटमेंट और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि प्रबल जैन के पिता स्वर्गीय उमेश जैन की भी पूर्व में सट्टेबाजी के कारण मौत हो चुकी है। उन्होंने बड़ी नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली थी, जिनका शव आज तक बरामद नहीं हो सका।
यह हृदयविदारक घटना एक बार फिर सट्टेबाजी के खतरनाक और विनाशकारी प्रभावों को उजागर करती है, जिसने एक ही परिवार को दूसरी बार गहरे सदमे में डाल दिया है।
