राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय महमूदाबाद में विश्व मानवाधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत की बैठक संपन्न

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद में विश्व मानवाधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत की एक महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय परिसर स्थित एम.एस.के.डी. पब्लिक स्कूल, मोहल्ला रमुवापुर, विकास क्षेत्र महमूदाबाद में संपन्न हुई। बैठक का आयोजन पूर्व निर्धारित एजेंडा के अनुसार संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक एस.एस. दिनकर के निर्देशन में किया गया।
बैठक में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता करते हुए संगठन के विस्तार, मजबूती और सामाजिक कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सक्रिय सदस्यता अभियान को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अनुज कुमार जैन ने कहा कि संगठन की कार्यकारिणी को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी कम से कम दो सक्रिय एवं जागरूक व्यक्तियों को संगठन से जोड़ें, जो मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक न्याय एवं अपराध नियंत्रण जैसे उद्देश्यों के प्रति समर्पित होकर कार्य कर सकें।
मंडल कार्यालय प्रभारी सुधीर कुमार वर्मा ने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संगठन को सक्रिय एवं संगठित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन के समक्ष आने वाले प्रत्येक मामले की निष्पक्ष विवेचना कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
तहसील संयोजक शिवदास ने कहा कि महमूदाबाद, पहला एवं रामपुर मथुरा तीनों ब्लॉकों में संगठन का विस्तार किया जाएगा तथा केवल सक्रिय एवं जिम्मेदार लोगों को ही संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी।
बैठक के दौरान अशोक कुमार वर्मा को नगर अध्यक्ष महमूदाबाद के रूप में परिचय पत्र पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने नगर की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त संगठन के वार्ड, ग्राम, नगर, ब्लॉक, तहसील, विधानसभा, जनपद, मंडल, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों से मोबाइल माध्यम से संवाद भी स्थापित किया गया।
बैठक के अंत में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई तथा सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *