चोरी के बाद भाग रहे बदमाशों ने की फायरिंग, पीछा करने पर कुएं में गिरा एक संदिग्ध, जांच पड़ताल करने में जुटी पुलिस

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: रामपुर कला थाना क्षेत्र के भानपुर पुरवा गांव में सोमवार देर रात चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। करीब पांच संदिग्धों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जेवरात और करीब 20 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के बाद भाग रहे संदिग्धों का जब परिजनों ने पीछा किया तो आरोप है कि उन्होंने फायरिंग कर दी। हालांकि, गोली किसी को नहीं लगी।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी उमेश कुमार पुत्र स्व. बाबूराम के घर में सोमवार रात करीब दो बजे संदिग्ध पीछे के रास्ते से दाखिल हुए। परिजनों के मुताबिक, संदिग्ध घर से जेवरात और करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान परिवार के एक सदस्य की नजर खुले दरवाजे पर पड़ी। संदिग्धों को देखकर शोर मचाने पर परिवार के अन्य लोग भी जाग गए और उन्होंने चोरों का पीछा शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि संदिग्ध खेतों की तरफ भाग रहे थे। पीछा किए जाने पर उन्होंने पीछे मुड़कर दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस दौरान किसी को गोली नहीं लगी, लेकिन बदमाशों का पीछा करते समय परिवार के एक सदस्य के पैर में चोट आ गई।

कुएं से आई आवाज, अंदर मिला संदिग्ध : घटना के बाद परिजन वापस घर लौट आए। सुबह करीब पांच बजे घर के पीछे स्थित कुएं की ओर से आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर कुएं के अंदर एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

परिजनों का दावा है कि पकड़े गए संदिग्ध ने खुद को चोरी की घटना में शामिल बताया और फायरिंग की बात भी स्वीकार की। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच और संदिग्ध से पूछताछ कर रही है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर के भीतर सामान बिखरा मिला। परिजनों के अनुसार, संदिग्ध साड़ी के सहारे मकान के पीछे से ऊपर चढ़कर घर में दाखिल हुए थे।

वारदात के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने के साथ ही फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस: रामपुर कला थाना के इंचार्ज एसआई ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *