ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद-लखनऊ मुख्य मार्ग पर सिधौली रेलवे क्रॉसिंग के आगे सड़क पर घूम रहे तीन घोड़ों की चपेट में आने से बाइक सवार घायल हो गया। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बाइक सवार को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद भेजवाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार सीतापुर निवासी सुधीर मिश्रा महमूदाबाद में रहते हैं और यस बैंक में कर्मचारी हैं। बताया गया कि वह किसी जरूरी काम से बाइक से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिधौली रेलवे क्रॉसिंग के आगे सड़क पर अचानक घूम रहे तीन घोड़ों की चपेट में आने से वह घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही सुधीर मिश्रा के चार अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। साथियों ने घायल की मदद की और उनकी बाइक लेकर सीएचसी महमूदाबाद पहुंचे। घटना की जानकारी उनके साथी शैलेन्द्र यादव ने दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर खुले में घूम रहे पशुओं को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर इस तरह पशुओं के घूमने से आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने संबंधित जिम्मेदारों से सड़क पर खुले में घूम रहे पशुओं को हटवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
