खबर का असर: संदेश मित्र डिजिटल न्यूज की खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन, बस स्टॉप से हटवाया गया निजी संस्थान का प्रचार बोर्ड

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद बस स्टॉप के समीप यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए मार्गदर्शक साइन बोर्ड की जगह निजी शैक्षणिक संस्थान के प्रचार-प्रसार संबंधी फ्लैक्स लगाए जाने के मामले को ‘संदेश मित्र डिजिटल न्यूज’ द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आ गया। खबर प्रसारित होने के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए मौके पर कार्रवाई कर निजी संस्थान का बोर्ड हटवा दिया।

गौरतलब है कि बस स्टॉप के पास लगा दिशा-सूचक (मार्गदर्शक) साइन बोर्ड काफी समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में था। आरोप था कि सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्धारित स्थान पर नया सूचना बोर्ड लगाने के बजाय वहां निजी संस्थान एसआरजीआई (SRGI) का प्रचार बोर्ड लगा दिया गया था। इससे यात्रियों और बाहरी लोगों को मार्ग संबंधी आवश्यक जानकारी मिलने में परेशानी हो रही थी।

इस मामले को लेकर संदेश मित्र डिजिटल न्यूज ने जनहित से जुड़े सवाल उठाते हुए संबंधित विभागों की जवाबदेही पर प्रकाश डाला था। खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कराते हुए सार्वजनिक स्थल से निजी प्रचार सामग्री को हटाने की कार्रवाई की।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि मीडिया द्वारा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने से जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय होती है और आम जनता की समस्याओं के समाधान का रास्ता भी खुलता है।
हालांकि नागरिकों का कहना है कि केवल निजी बोर्ड हटाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त मार्गदर्शक साइन बोर्ड को तत्काल बदलकर नया दिशा-सूचक बोर्ड भी लगाया जाना चाहिए, ताकि लोगों को विभिन्न मार्गों और प्रमुख स्थलों की सही जानकारी मिल सके।

नागरिकों ने प्रशासन से बस स्टॉप सहित नगर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे सभी सूचना एवं दिशा-सूचक बोर्डों का निरीक्षण कराने की मांग की है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।

‘संदेश मित्र डिजिटल न्यूज’ द्वारा उठाए गए इस जनहित के मुद्दे पर प्रशासनिक कार्रवाई को स्थानीय लोग सकारात्मक पहल मान रहे हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि यात्रियों की सुविधा के लिए नया मार्गदर्शक साइन बोर्ड कब तक स्थापित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *