सर्विस लेन में जलभराव से फूटा लोगों का गुस्सा, हाईवे जाम

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: सिधौली में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 की सर्विस लेन पर कई दिनों से जलभराव की समस्या को लेकर रविवार को दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने सर्विस लेन पर जाम लगाकर विरोध जताया और जलनिकासी की उचित व्यवस्था कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।

जलभराव के चलते सड़क का पानी आसपास स्थित दुकानों और मकानों तक पहुंच गया है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बालगोविंद मिश्रा की किराने की दुकान में पानी भर जाने से सामान खराब होने की बात सामने आई है। वहीं अरुण यादव के मकान तथा मनीष गुप्ता और प्रभात मिश्रा की दुकानों में भी पानी घुस गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सर्विस लेन के किनारे बने नाले से पानी की समुचित निकासी नहीं हो पा रही है, जिसके कारण बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है। जलभराव के विरोध में लोगों द्वारा जाम लगाए जाने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।

लोगों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने के साथ ही समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में दुकानदारों और राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *