खबर का असर: मरहमत नगर के बदहाल रास्ते पर प्रशासन ने लिया संज्ञान, जलभराव को कराया गया साफ, ग्रामीणों में खुशी

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकासखंड पहला की ग्राम पंचायत मरहमत नगर गांव में लंबे समय से बदहाल पड़े मुख्य रास्ते और जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर आवाज उठाई थी। ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को संदेश मित्र डिजिटल न्यूज ने प्रमुखता से प्रकाशित कर जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को राहत पहुंचाने की कार्रवाई शुरू कराई।

इस मामले की जानकारी मिलने के बाद महमूदाबाद उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी मरहमत नगर गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता करते हुए बदहाल रास्ते की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और ग्रामीणों को जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों के मुताबिक, उपजिलाधिकारी के साथ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और ग्राम पंचायत सचिव ने भी मौके पर पहुंचकर रास्ते की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मुख्य रास्ते पर लंबे समय से जमा जलभराव को साफ कराया गया। जलभराव हटने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में काफी राहत मिली है।

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से रास्ते पर पानी और कीचड़ जमा होने के कारण उन्हें आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती थी। संदेश मित्र डिजिटल न्यूज द्वारा ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया, जिसके चलते रास्ते पर जमा जलभराव को साफ कराया गया।

समस्या के समाधान की दिशा में हुई कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने उनकी आवाज को प्रमुखता से उठाकर प्रशासन तक पहुंचाने के लिए संदेश मित्र डिजिटल न्यूज का आभार जताते हुए धन्यवाद दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह उनकी समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाया जाता रहे और अधिकारी भी तत्काल कार्रवाई करें, तो गांव की कई वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हो सकता है।

हालांकि, ग्रामीणों की मांग है कि जलभराव की सफाई के साथ-साथ मुख्य रास्ते की स्थायी मरम्मत और जलनिकासी की उचित व्यवस्था भी जल्द कराई जाए, ताकि बारिश के दिनों में दोबारा जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और ग्रामीणों को पूरी तरह राहत मिल सके।

खबर का असर : संदेश मित्र डिजिटल न्यूज ने उठाई मरहमत नगर के ग्रामीणों की आवाज, अधिकारियों ने लिया तत्काल संज्ञान। मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और बदहाल रास्ते पर जमा जलभराव को साफ कराया गया। कार्रवाई से ग्रामीणों में राहत, ग्रामीणों ने संदेश मित्र डिजिटल न्यूज का जताया आभार।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *