महमूदाबाद में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान, नगर पालिका अध्यक्ष ने ऊर्जा मंत्री को भेजा पत्र

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित एवं अनियमित विद्युत कटौती को लेकर नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अध्यक्ष आमिर अराफात ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा को पत्र भेजकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। पत्र के माध्यम से नगर में निर्धारित विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने तथा लगातार हो रही कटौती पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से 17 सितंबर 2026 को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि महमूदाबाद नगर क्षेत्र में बीते दिनों से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित है। विशेष रूप से रात्रिकाल में बिना पूर्व सूचना के लगातार अघोषित एवं अनियमित विद्युत कटौती किए जाने से नगरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई अवसरों पर लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की बात भी पत्र में कही गई है।

पत्र में बताया गया कि महमूदाबाद नगर शिक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण क्षेत्र है। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में पॉलीटेक्निक, डिग्री कॉलेज तथा माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों का महत्वपूर्ण समय अक्सर रात में होता है। ऐसे में रात्रिकालीन बिजली कटौती का उनकी पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात नगर पालिका अध्यक्ष ने पत्र में उठाई है।

इसके अलावा विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल आपूर्ति, छोटे एवं मध्यम व्यापार, दुकानदारों, कार्यालयों, घरेलू कार्यों तथा अन्य आवश्यक नगरीय सेवाओं पर भी असर पड़ने की बात कही गई है। पत्र में उमस एवं गर्मी के मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों का भी उल्लेख किया गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने ऊर्जा मंत्री से अघोषित एवं अनियमित विद्युत कटौती तत्काल बंद कराने, शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था/रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने, तकनीकी अथवा अन्य कारणों से आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को यथासंभव पूर्व सूचना उपलब्ध कराने तथा विद्युत कटौती के वास्तविक कारणों की समीक्षा कर स्थायी समाधान सुनिश्चित कराने की मांग की है।

पत्र में महमूदाबाद नगर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की विशेष समीक्षा कर समस्या का स्थायी समाधान कराने का भी अनुरोध किया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि विद्युत आपूर्ति की समस्या केवल बिजली तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव विद्यार्थियों की शिक्षा, नागरिकों के दैनिक जीवन, पेयजल व्यवस्था और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है।
पत्र के अंत में उन्होंने जनहित में मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की अपेक्षा की है।

उन्होंने यह भी कहा कि समस्या का समयबद्ध समाधान नहीं होने की स्थिति में नगरवासी अपनी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण मांगों को लेकर अन्य वैधानिक माध्यमों का सहारा लेने के लिए बाध्य हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *