ब्यूरो,रिपोर्ट सीतापुर: महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की रात दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। एक घटना में रास्ता पूछने पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई, जबकि दूसरी घटना में बाइपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना मरम्मत नगर (बनियन भेथरा) बाजार पुलिया के पास की है। जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र के कतुरीकलां गांव निवासी अनीस पुत्र साजिद अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए ऑटो से महमूदाबाद के इटैला आए थे। देर रात लौटते समय अनीस ने रास्ता पूछने के लिए वहां खड़े रज्जा, सुनील, बंशी समेत पांच-छह युवकों से पूछा, जिस पर कहासुनी हो गई। विरोध करने पर युवकों ने अनीस, शन्नो, रहीसुन, सानिया, हानिया और समीर पर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी महमूदाबाद लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
और वहीं दूसरी घटना महमूदाबाद बाइपास की है। जहां सोमवार की देर रात बेलदारी टोला निवासी अंकित (42) और अमन चौहान (8) बाइक से घर लौट रहे थे। तभी लखनऊ-फतेहपुर मार्ग को जोड़ने वाले बाइपास पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना स्थल पर मौजूद चंद्र प्रकाश तिवारी ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सीएचसी महमूदाबाद पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। थाना महमूदाबाद पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि रास्ता पूछने पर हुए विवाद में कई लोग घायल हो गए है, जिनका इलाज किया गया है। और साथ ही महमूदाबाद पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत करते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
