ब्यूरो, रिपोर्ट सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे मेडिकल स्टोरों के खिलाफ औषधि विभाग की कार्रवाई जारी है। मंगलवार को औषधि निरीक्षक अनीता कुरील ने राजस्व व पुलिस विभाग की टीम के साथ मिलकर मोल्हेपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित शिवा मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। जांच के दौरान स्टोर संचालक विक्रांत राव पुत्र अमरजीत किसी भी प्रकार का दवा बिक्री लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। और वहीं औषधि निरीक्षक की टीम ने मौके से करीब ₹70,000 मूल्य की विभिन्न दवाएं जब्त कीं। इसके अलावा तीन नमूने परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं ताकि दवाओं की गुणवत्ता और वैधता की जांच की जा सके। अनीता कुरील ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्टोर बिना आवश्यक अनुमति के संचालित पाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार मामला न्यायालय में दायर किया जाएगा, और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त मेडिकल स्टोरों से ही दवाएं खरीदें, ताकि नकली या अवैध दवाओं से बचा जा सके।
