ब्यूरो,रिपोर्ट सीतापुर: विकासखंड रामपुर मथुरा क्षेत्र के ग्राम अल्हनापुर निवासी शुभम कुमार ने भारतीय सेना में अग्निवीर बनकर अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छह महीने की कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जब शुभम शनिवार को अपने गांव लौटे, तो ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
शुभम एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता रामस्वरूप, माता रामरानी, बड़े भाई रवि कुमार, छोटे भाई रोहित कुमार और बाबा रामखेलावन ने हर कदम पर उनका साथ दिया। शुभम ने अपनी मेहनत, लगन और देशभक्ति की भावना से यह मुकाम हासिल कर दिखाया।
गांव वापसी पर अल्हनापुर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे की धुन पर लोग थिरक उठे। शुभम पर फूल-मालाओं की बारिश हुई और पूरा गांव “भारत माता की जय” तथा “शुभम कुमार अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
गांव के हर चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। शुभम के नाना-नानी, मामा-मामी, मौसा-मौसी समेत सभी परिजन इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। एक गरीब परिवार का बेटा जब वर्दी पहनकर देश की सेवा के लिए आगे बढ़ा, तो पूरा गांव गौरवान्वित हो उठा।
शुभम की इस सफलता ने न केवल अल्हनापुर बल्कि आसपास के युवाओं में भी देशभक्ति और सेना में भर्ती होने का नया जोश भर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि शुभम अब गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं।
