सीतापुर डीएम का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से लेकर जनसुनवाई तक दिखी प्रशासनिक सक्रियता, दिए निर्देश

ब्यूरो, रिपोर्ट सीतापुर: जिला अधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने प्रशासनिक पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए महमूदाबाद क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई, दवा वितरण, मरीजों की सुविधा, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति तथा रजिस्टरों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिले, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने के बाद जिला अधिकारी सीधे तहसील महमूदाबाद पहुंचे, जहां आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। भूमि विवाद, राजस्व, आवास, पेंशन, स्वास्थ्य और अन्य जनसमस्याओं से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने जनता को आश्वस्त किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

जिला अधिकारी की इस सक्रियता से आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और यह संदेश गया है कि शासन की योजनाएं और सेवाएं ज़मीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *