ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : तहसील महमूदाबाद में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी राजा गणपति आर. को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से ग्राम पंचायत बनीगांव के ग्राम थनेतपुर में आबादी के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन को हटाए जाने की मांग उठाई गई। किसान नेताओं ने बताया कि इस बिजली लाइन से हमेशा जनहानि की आशंका बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
इसके अतिरिक्त ज्ञापन में जर्जर ग्रामीण सड़कों के डामरीकरण तथा पुलिया निर्माण की मांग भी की गई। किसानों का कहना है कि खराब सड़कों और पुलिया के अभाव में उन्हें आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही फसल के परिवहन में भी काफी नुकसान हो रहा है।
किसान नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने बिजली लाइन हटाने के लिए सीमित बजट की जानकारी दी और किसानों के सहयोग से इस कार्य को संभव बनाए जाने का सुझाव दिया। अन्य समस्याओं के संबंध में जिलाधिकारी ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर ज्ञापन सौंपने वालों में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के ग्राम अध्यक्ष संदीप कुमार वर्मा, जिला सचिव प्रताप सिंह तथा ब्लॉक अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
