पूर्व सांसद हरगोविंद वर्मा की 38वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, शिवपाल यादव का भाजपा पर तीखा हमला

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : जनपद में प्रदेश के कद्दावर किसान नेता और पूर्व सांसद स्वर्गीय हरगोविंद वर्मा की 38वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को तहसील रोड स्थित जेवी लॉन एंड रिसॉर्ट में विशाल किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उनके पुत्र एवं सपा विधायक अनिल वर्मा तथा पौत्र अतुल वर्मा द्वारा किया गया। श्रद्धांजलि सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा परिसर हरगोविंद वर्मा के विचारों और संघर्षों की याद में गूंज उठा। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव ने की।

भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार :  सभा को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार किसान, नौजवान, छात्र और आम जनता के हितों के खिलाफ काम कर रही है। शिवपाल यादव ने खाद की किल्लत, बिजली संकट और धान खरीद में हो रही अव्यवस्थाओं को लेकर सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि प्रदेश को अब जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि नौकरशाह चला रहे हैं, जो भाजपा नेताओं की मिलीभगत से केवल लूट-खसोट में लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “ऐसी सरकार से अच्छे दिनों की उम्मीद करना जनता के साथ छल है।”

श्रद्धांजलि सभा में जुटे दिग्गज नेता : स्वर्गीय हरगोविंद वर्मा को नमन करने के लिए प्रदेश और जनपद के कई वरिष्ठ नेता एक मंच पर नजर आए। कार्यक्रम का कुशल संचालन पूर्व सपा जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी ने किया। सभा में प्रमुख रूप से आनंद भदौरिया (सांसद, धौरहरा), जासमीर अंसारी (एमएलसी), नरेंद्र सिंह वर्मा (पूर्व कैबिनेट मंत्री), रामपाल राजवंशी, रामहेत भारती (पूर्व मंत्री), राजपाल कश्यप (पूर्व एमएलसी), अनूप गुप्ता (पूर्व विधायक, महोली) सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त सैकड़ों पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।

सिधौली में शिवपाल यादव का जोरदार शक्ति प्रदर्शन : किसान गोष्ठी में शामिल होने से पूर्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव का सिधौली पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने भव्य और जोशीला स्वागत किया और महमूदाबाद चौराहे पर सपा प्रदेश सचिव रामपाल भार्गव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा, नारों और झंडों के साथ अपने नेता का अभिनंदन किया।

चौराहा सपा समर्थकों से पूरी तरह पट गया और माहौल उत्साह से भर उठा। लहरपुर के लिए रवाना होने से पहले शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से संक्षिप्त मुलाकात कर उनके स्नेह और समर्थन के लिए आभार जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नेता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *