ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : थाना महमूदाबाद क्षेत्र के गुलौली व देवकलिया गांव की सीमा के बीच स्थित खरझा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब नीम के पेड़ से एक युवक का शव लटकता हुआ मिला। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना आसपास के गांवों में तेजी से फैल गई।
जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। बाद में मृतक की पहचान धुसे पुरवा गांव निवासी युवक के रूप में हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अरविन्द पुत्र कमलेश, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम धुसे पुरवा मजरा गुलौली, थाना महमूदाबाद, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर मौके पर क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह तथा फॉरेंसिक टीम समेत 112 पुलिस टीम भी पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी, मामले की जांच की जा रही है।
