ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद कस्बे में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन ने शनिवार सुबह कड़ा रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई की। महमूदाबाद में सिधौली क्रॉसिंग से लेकर सरकारी तालाब तक लगभग दो किलोमीटर लंबे क्षेत्र में नाले के ऊपर लगाए गए अवैध होल्डिंग्स और कब्जों को हटाया गया।
प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अपने कब्जे हटा लिए। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया कि अब तहसील स्तर के साथ-साथ जिला प्रशासन भी अवैध अतिक्रमण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
सीतापुर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर.के निर्देश पर महमूदाबाद उपजिलाधिकारी बी.के. सिंह एवं नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अधिशासी अधिकारी पवन किशोर मौर्य ने मौके पर पहुंचकर नगर क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों को कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकारी भूमि, नालों और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और किसी को भी राहत नहीं दी जाएगी। इस अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी बी.के. सिंह, नायब तहसीलदार अनिल कुमार राम, थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह , राजस्व विभाग की टीम एवं भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
