ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद में नगर पालिका द्वारा शनिवार को सिधौली रोड रेलवे क्रॉसिंग से रोडवेज बस स्टैंड तक चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। पूर्व नगर पालिका प्रत्याशी अतुल वर्मा ने आरोप लगाया है कि अतिक्रमण के नाम पर उन व्यापारियों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जो पूरी तरह नियमों के दायरे में हैं और किसी प्रकार के अतिक्रमण में शामिल नहीं हैं।
अतुल वर्मा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर यह स्पष्ट नियम तय है कि नगर पालिका द्वारा निर्मित नाली या नाले के आगे कोई भी अतिक्रमण नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद जो व्यापारी इस मानक का पालन कर रहे हैं, उन्हें भी कार्रवाई के दौरान नुकसान पहुंचाना अनुचित और अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय अधिकारी वास्तविक समस्या के समाधान के बजाय केवल “कार्रवाई की संख्या” दिखाने के उद्देश्य से काम कर रहे हैं, जिससे नियमों का पालन करने वाले व्यापारी भी अनावश्यक रूप से परेशान हो रहे हैं।
पूर्व प्रत्याशी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यापारी नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन नियमों की सही और स्पष्ट जानकारी देना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे अनाउंसमेंट में दुकानदारों से साफ कहा गया है कि नाली के ऊपर कोई भी अतिक्रमण न करें, और जो ऐसा करेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। ऐसे में जो व्यापारी नियमों का पालन कर रहे हैं, उन्हें परेशान किया जाना पूरी तरह गलत है।
अतुल वर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान में पारदर्शिता, निष्पक्षता और स्पष्ट मापदंड अपनाए जाएं, ताकि नियम मानने वाले व्यापारियों के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो और कार्रवाई वास्तव में अवैध अतिक्रमण करने वालों तक ही सीमित रहे।
