ब्यूरो, रिपोर्ट सीतापुर: महमूदाबाद नगर में रामकुंड चौराहे पर आधुनिक भारत के निर्माता, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को महमूदाबाद नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया। नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे, स्काउट-गाइड सदस्य, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए। सुबह आठ बजे रोडवेज बस स्टॉप से यात्रा का शुभारंभ महमूदाबाद भाजपा विधायक आशा मौर्य, उपजिलाधिकारी बालकृष्ण सिंह, क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव, कोतवाल अनिल कुमार सिंह, कस्बा इंचार्ज दीपक राठौर समेत अन्य पुलिस बल के साथ स्काउट-गाइड के जिला मुख्य आयुक्त रमेश वाजपेयी, अनुज कुमार जैन, मोहन प्रसाद बारी, रितेश सिंह, वैभव सिंह, अनूप सूरज, अरविंद यादव, महेंद्र शुक्ल और विजय सिंह तोमर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने हरी झंडी दिखाकर किया।
हाथों में तिरंगा और सरदार पटेल के चित्र लिए स्कूली बच्चों व युवाओं ने “सरदार पटेल अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारे लगाते हुए पूरे नगर को देशभक्ति के जोश से भर दिया। यात्रा बजाजा चौराहा और रामकुंड चौराहा होते हुए मोतीपुर चौराहा तक निकाली गई। और वहीं पर क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।इसके बाद रामकुंड चौराहा स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्काउट-गाइड के बच्चों व नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी।
सीता इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल के जीवन व उनके योगदान पर भावपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। उत्कर्ष वर्मा, अशोक पटेल, डॉ. गोपी वर्मा, उमेश वर्मा समेत कई वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का जो कार्य किया है, वह सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। पूरे नगर में दिनभर एकता, भाईचारे और देश की अखंडता का संदेश गूंजता रहा। महमूदाबाद के नागरिकों ने लौह पुरुष के आदर्शों को अपनाने और भारत की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
