आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन समारोह में छलका स्नेह, मेधावियों के सम्मान से गूंजा सीता इंटर कॉलेज परिसर

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद नगर में स्थित सीता इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित विद्यार्थियों के लिए आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन समारोह भावनाओं और प्रेरणा का अद्भुत संगम बन गया। विदाई के इस अवसर पर जहां विद्यार्थियों की आंखें नम थीं, वहीं मंच से मिले आशीर्वाद और मार्गदर्शन ने उनके भविष्य की राह को नई दिशा दी। कार्यक्रम में मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्रों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए सीता ग्रुप ऑफ एजूकेशन के चेयरमैन आर.के. वाजपेयी ने कहा कि प्रतिभा, अनुशासन और कठोर परिश्रम के बल पर जीवन के कठिन से कठिन लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता, गुरुजनों और संस्थान का नाम रोशन करें। उन्होंने मिलन और विदाई को जीवन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि मिलन जहां खुशियां देता है, वहीं विदाई आगे बढ़ने और नई ऊंचाइयों को छूने का संकल्प देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा को बोझ न मानते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और आवश्यकता पड़ने पर शिक्षकों व अभिभावकों से मार्गदर्शन लेने की सलाह दी।

मौलाना आजाद महाविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी परिस्थिति का सामना दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास से किया जाना चाहिए। उन्होंने अनुशासन एवं चरित्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं वरिष्ठ प्रवक्ता विनोद गुप्त ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण और निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है, क्योंकि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता।

कार्यक्रम में लगभग एक हजार इंटरमीडिएट विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। विदाई के भावुक क्षणों में कई छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों से आशीर्वाद लेते दिखाई दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं भारत वंदना से हुई, जिसने पूरे वातावरण को गरिमामय बना दिया। अतिथियों का स्वागत प्रबंधक रमेश वर्मा, उप प्रधानाचार्य यशपाल वर्मा, नीरज वर्मा एवं सांस्कृतिक प्रमुख प्रतिभा सिंह ने माल्यार्पण व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इस अवसर पर शिवसेवक मिश्र, राकेश शुक्ल, अरुण वर्मा, उमेश वर्मा, आयुष वर्मा, शिवेंद्र वर्मा, आशीष मौर्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

मेधावियों को आकर्षक पुरस्कार से किया गया सम्मानित : समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
ऑल राउंडर: प्राची निगम व ज्ञानेंद्र वर्मा
मेलोडी ऑफ द स्कूल: अस्मिका व सिद्धांत प्रताप
ओवरऑल टॉपर: वर्तिका सोनी
स्पोर्ट्स पर्सन: अंशिका सिंह व अर्पित वर्मा
बेस्ट आर्टिस्ट: नीता
बेस्ट परफॉर्मर: बबिता वर्मा व ऐश्वर्य गुप्ता
मोस्ट डिसिप्लिन्ड: आस्था वर्मा व मोनू कुमार
बेस्ट स्पीकर: अमन गिरि व श्रेया वाजपेयी
इसके अतिरिक्त पूर्ण उपस्थिति वाले 17 विद्यार्थियों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा सांत्वना स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

समारोह ने विद्यार्थियों के मन में आत्मविश्वास, कृतज्ञता और नए सपनों का संचार किया, जिससे यह कार्यक्रम केवल एक विदाई नहीं बल्कि नई शुरुआत का प्रेरक उत्सव बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *