ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में शिक्षा और संस्कार के समन्वय की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए गुरुकुल विद्या पब्लिक स्कूल ने “सुपर पेरेंट्स” अभियान की शुरुआत की है। इस अनूठे अभियान का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत संवाद, विश्वास और सहभागिता को बढ़ावा देना है, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिल सके।
विद्यालय प्रशासन द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के अंतर्गत उन अभिभावकों को सम्मानित किया जा रहा है, जो पिछले दो वर्षों से अपने बच्चों की शिक्षा, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण में निरंतर सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभा रहे हैं।
चयन के लिए स्पष्ट मानदंड निर्धारित किए गए हैं, जिनमें बच्चों की नियमित उपस्थिति, समय पर गृहकार्य पूर्ण कराना, निर्धारित वेशभूषा में सुव्यवस्थित रूप से विद्यालय भेजना, कॉपी-किताबों एवं स्कूल बैग की स्वच्छता बनाए रखना तथा बच्चों की व्यक्तिगत साफ-सफाई और विद्यालयी नियमों के पालन को प्रमुख आधार बनाया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पीठाधीश्वर साकेत मिश्रा, सह-पीठाधीश्वर पूनम मिश्रा तथा उप-चेयरमैन तत्सत मिश्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि किसी भी बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की नींव घर और विद्यालय के साझा प्रयासों से ही मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों का समावेश भी उतना ही आवश्यक है।
14 फरवरी से औपचारिक रूप से प्रारंभ हुए “सुपर पेरेंट्स” अभियान के अंतर्गत भविष्य में भी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट सहयोग देने वाले अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल एक सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अभिभावकों के साथ सतत संवाद और सहयोग की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
विद्यालय प्रशासन का मानना है कि जब शिक्षक और अभिभावक एक टीम के रूप में कार्य करते हैं, तभी बच्चों का समग्र विकास संभव हो पाता है।
“सुपर पेरेंट्स” अभियान इसी सकारात्मक सहभागिता को प्रोत्साहित करने और जिम्मेदार अभिभावकों को समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम
