महमूदाबाद में युवक ने नहर में लगाई छलांग, तलाश में जुटीं पुलिस व एनडीआरएफ टीमें

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र के सेहारुखेड़ा के पास स्थित शारदा सहायक नहर में एक युवक द्वारा छलांग लगाए जाने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा युवक की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चांदपुर फरीदपुर थाना रामपुर मथुरा निवासी गोविंद तिवारी पुत्र भारत प्रसाद तिवारी ने महमूदाबाद पुलिस को लिखित तहरीर देकर बताया कि उनके भाई अरविंद तिवारी (उम्र लगभग 24 वर्ष) दिनांक 11 फरवरी 2026 को घर से लखनऊ जाने की बात कहकर निकले थे।

14 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि उनकी मोटरसाइकिल (UP 32 GJ 2308) शारदा सहायक नहर की पटरी पर लावारिस हालत में खड़ी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि अरविंद ने अज्ञात कारणों के चलते नहर में छलांग लगा दी।

सूचना मिलते ही थाना महमूदाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और खोजबीन के लिए एनडीआरएफ की टीमों को भी लगाया गया है। नहर में युवक की तलाश लगातार जारी है।

पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में भी जांच-पड़ताल की जा रही है तथा परिजनों से पूछताछ कर अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *