सोमवार से शुरू तीन दिवसीय गोसाई बाबा मेला,अलग-अलग प्रसंगों का होगा मंचन,बुधवार को होगा मेला समापन

ब्यूरो, रिपोर्ट सीतापुर: विकास खंड पहला क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरैया महीपत सिंह के मजरे उमरहर स्थित अति प्राचीन गोसाई बाबा देवस्थान पर सोमवार से तीन दिवसीय गोसाई बाबा मेला एवं रामलीला का शुभारंभ होगा। धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा यह आयोजन वर्षों से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के पूर्व शारदा सहायक नहर के निकट स्थित गोसाई बाबा का यह प्राचीन स्थल क्षेत्रवासियों की अटूट आस्था का केंद्र माना जाता है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी क्षेत्रीय जनता द्वारा रामलीला मंचन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जय मां सिद्धेश्वर जय मां दूधिया देवी धार्मिक रामलीला राहुल पार्टी के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजन समिति में अध्यक्ष जवाहर लाल वर्मा, कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार वर्मा, पूर्व प्रबंधक श्रवण कुमार, प्रचार मंत्री प्रदीप यादव तथा उप प्रबंधक पुत्तीलाल यादव सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति ने बताया कि तीन दिवसीय इस आयोजन में प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों का मंचन किया जाएगा, जो धार्मिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टि से दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजक मंडल ने क्षेत्रीय जनता से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *