महमूदाबाद में बैंक परिसर से महिला का बैग लेकर भागीं दो नाबालिग लड़कियां, राहगीरों की सतर्कता से पकड़ी गईं; नकदी व सामान बरामद

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना महमूदाबाद नगर क्षेत्र के चिकमंडी चौराहे स्थित यूको बैंक में मंगलवार को एक महिला का बैग चोरी कर भाग रही दो नाबालिग लड़कियों को राहगीरों की सतर्कता से मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है।

जानकारी के अनुसार, एक महिला यूको बैंक में अपने बैंक खाते की केवाईसी (KYC) संबंधी प्रक्रिया पूरी कराने आई थी। इसी दौरान बैंक परिसर के आसपास घूम रही दो नाबालिग लड़कियां पैसे मांगने के बहाने महिला के पास पहुंचीं। मौका मिलते ही उन्होंने महिला का बैग उठाया और वहां से भाग निकलीं।

कुछ ही देर बाद महिला को बैग गायब होने का एहसास हुआ तो उसने शोर मचाया। आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लड़कियों का पीछा किया और कुछ दूरी पर उन्हें पकड़ लिया।

पीड़ित महिला ने बताया कि उसके बैग में लगभग ₹2,000 नकद, चांदी की बिछिया तथा घर की चाबियां रखी थीं। लोगों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर बैग, चांदी की बिछिया, चाबियां और ₹700 नकद बरामद हुए, जबकि शेष रकम के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों नाबालिग लड़कियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे अकेले वारदात को अंजाम दे रही थीं या उनके पीछे किसी गिरोह का हाथ है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जारही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *