सिरौली पुलिस चौकी के सामने खराब हैंडपंप बना परेशानी का कारण, गंदा पानी और देर से जलापूर्ति से ग्रामीण परेशान

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: तहसील महमूदाबाद के विकास खंड पहला की ग्राम पंचायत सिरौली में स्थित सिरौली पुलिस चौकी के सामने लगा सरकारी हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हैंडपंप से काफी देर तक चलाने के बाद ही पानी निकलता है और जो पानी आता है वह भी गंदा एवं दूषित होता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के सामने होने के कारण इस हैंडपंप का उपयोग राहगीर, पुलिसकर्मी और आसपास के ग्रामीण भी करते हैं, लेकिन खराब स्थिति के चलते सभी को पेयजल संकट झेलना पड़ रहा है। गंदा पानी निकलने से लोगों में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक हैंडपंप की मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों ने मांग की है कि खराब हैंडपंप की तत्काल मरम्मत कराकर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस संबंध में ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान सुनीता देवी तथा ग्राम पंचायत अधिकारी/सचिव मो. उस्मान से भी शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और समस्या का स्थायी समाधान हो।

ग्रामीणों की मांग: हैंडपंप की तत्काल मरम्मत कराई जाए, पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए, संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *