ब्यूरो रिपोर्ट , सीतापुर: विकास खंड महमूदाबाद की ग्राम पंचायत सोहरिया में बुनियादी सुविधाओं के अभाव से ग्रामीणों को रोजाना समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हैंडपंपों के आसपास और सीसी सड़क पर जलभराव बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर ह्यूम पाइप न होने से बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य पक्की सड़क से पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय तक जाने के लिए इंटरलॉकिंग मार्ग नहीं है। बारिश के मौसम में लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने पंचायत भवन परिसर में फैली गंदगी पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि परिसर की नियमित साफ-सफाई नहीं होने से वहां गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे पंचायत भवन की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं गांव की नालियों की नियमित सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है और जलभराव की समस्या बनी रहती है।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही पानी की टंकी का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास की कई ग्राम पंचायतों में योजना के तहत घर-घर पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है, लेकिन सोहरिया के ग्रामीण आज भी इस सुविधा से वंचित हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर ह्यूम पाइप, पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय तक इंटरलॉकिंग मार्ग, पंचायत भवन परिसर की नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई तथा जल जीवन मिशन की अधूरी योजना सहित अन्य विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की है।
ग्राम विकास अधिकारी आशीष कुमार यादव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं की जानकारी मिली है। पंचायत भवन परिसर की साफ-सफाई कराने के साथ ही नालियों की सफाई के लिए सफाई कर्मचारी को निर्देश दिए जाएंगे। जल निकासी, इंटरलॉकिंग और ह्यूम पाइप से संबंधित प्रस्ताव नियमानुसार तैयार कर सक्षम स्तर पर भेजे जाएंगे।
वहीं जल जीवन मिशन के तहत अधूरे कार्यों को संबंधित कार्यदायी संस्था के संज्ञान में लाकर शीघ्र पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का पूरा प्रयास किया जाएगा।
