महमूदाबाद में बेखौफ चोरों का आतंक, एक ही रात में दो घरों को बनाया निशाना, नकदी-जेवरात लेकर फरार

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना महमूदाबाद नगर के मोहल्ला पैगंबरपुर में रविवार तड़के चोरों ने दो घरों में घुसकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात तथा मोबाइल फोन चोरी कर लिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवारों में भारी चिंता व्याप्त है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 3 बजे मोहल्ला पैगंबरपुर निवासी इरफ़ान हुसैन पुत्र इसरार हुसैन के घर की दूसरी मंजिल पर अज्ञात चोर पहुंच गए। चोरों ने कमरे में रखे बॉक्स का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

इसी दौरान चोरों ने पड़ोस में स्थित शहाबुद्दीन पुत्र अब्दुर्रहीम के घर को भी निशाना बनाया। शहाबुद्दीन वर्तमान में सऊदी अरब में हैं, जबकि उनकी पत्नी नाजिरह बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। चोर घर में घुस गए और कमरे में टंगे बैगों से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा एक मोबाइल फोन चोरी कर ले गए।

बताया जाता है कि इसी बीच इरफ़ान हुसैन की नींद खुल गई। उन्हें दूसरी मंजिल का दरवाजा बंद होने की आवाज सुनाई दी। जब वह सीढ़ियों की ओर पहुंचे तो पाया कि चोरों ने जीने का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। हालांकि तब तक चोर फरार हो चुके थे।

पीड़ित परिवार ने चोरी हुए मोबाइल पर कॉल किया तो फोन उठाने वाले व्यक्ति ने बताया कि मोबाइल उसे रेलवे स्टेशन के निकट अंधेरी होटल के पास पड़ा मिला था। परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां मोबाइल बरामद हो गया। मोबाइल मिलने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसे यह फोन सुबह सड़क किनारे पड़ा मिला था।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मोहल्ले के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित इरफ़ान हुसैन के पुत्र काशिफ हुसैन ने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय थाने में देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *