लक्ज़री कारों से करते थे चोरी, 77 लाख की बरामदगी के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: जनपद में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अटरिया पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन, अवैध तमंचे, कारतूस तथा एक ऑडी और एक सियाज कार बरामद की है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 77 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार थाना अटरिया में दर्ज दो चोरी के मुकदमों के अनावरण के दौरान योगेन्द्र चौहान निवासी नरेन्द्रपुर मजरा लालपुर थाना सदरपुर तथा धर्मराज यादव निवासी बढईडीहा मजरा गोधनी सरैंया थाना रेउसा को पहाड़ापुर चौराहा, रामपुर-भगौतीपुर रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 4 हजार रुपये नकद, एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल, सोने-चांदी के जेवरात, दो देसी तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब 15-20 दिन पहले उन्होंने ग्राम अलबदा स्थित एक घर का ताला तोड़कर जेवरात चोरी किए थे। इसके अलावा 10-12 दिन पूर्व मनवा गांव में एक घर से 15 हजार रुपये नकद और पायल चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी के लिए महंगी और लग्ज़री कारों का इस्तेमाल करते थे, जिससे उन पर किसी को शक न हो।

बरामद वाहनों में एक ऑडी कार (UP16AJ6156) तथा एक सियाज कार शामिल है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। जांच में सियाज कार का वास्तविक नंबर UP16BF4969 पाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गिरफ्तार योगेन्द्र चौहान थाना सदरपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर अपराधों के लगभग तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह महमूदाबाद में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में भी वांछित चल रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक द्वारा अटरिया पुलिस और स्वाट टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *