महमूदाबाद पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़,5 चोरी की बाइक बरामद,तीन शातिर गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र में अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महमूदाबाद कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ,कस्बा इंचार्ज दीपक राठौर समेत पुलिस टीम ने रविवार तड़के करीब 3:45 बजे बाबाकुटी पुलिया के पास घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान (28) निवासी बिसवां, हाल पता हरैया थाना सदरपुर, छोटू यादव उर्फ राजकुमार यादव (32) निवासी थाना थानगांव तथा पंकज कुमार (25) निवासी हरैया थाना सदरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन एचएफ डीलक्स, एक स्प्लेंडर प्लस तथा एक बिना नंबर की सफेद अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद वाहनों में तीन बाइकें थाना महमूदाबाद क्षेत्र से तथा एक बाइक जनपद बाराबंकी के थाना फतेहपुर क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर से चोरी की गई थीं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने महमूदाबाद तहसील गेट, तहसील परिसर के बाहर स्थित सड़क तथा पैतेपुर रोड स्थित शिखर आयरन स्टोर के पास से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की बाइकें विभिन्न स्थानों पर बेचने की फिराक में थे।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। सलमान के खिलाफ लखनऊ, महमूदाबाद और फतेहपुर क्षेत्रों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं छोटू यादव के विरुद्ध भी विभिन्न थानों में चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। पंकज कुमार पर पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा चोरी के मामलों समेत सात मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीपक राठौर, उपनिरीक्षक विनोद कुमार गिरि, हेड कांस्टेबल बेगवान सिंह, विशाल गुप्ता तथा कांस्टेबल बृजेश पांडेय, अखिलेश वर्मा, चन्द प्रकाश और दीपक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की कई घटनाओं का खुलासा होने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *