ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी सिरौली इलाके में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सिरौली पुलिस चौकी पर तैनात उप निरीक्षक फूलचंद्र सरोज, कांस्टेबल विख्यात कुमार,प्रदीप कुमार ,शिवम ,गौरव, जितेंद्र कुमार , राहुल विश्वकर्मा एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।
पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा के महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच हैं। थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसों को टाल सकती है और अनमोल जीवन की रक्षा कर सकती है।
इस दौरान लोगों से तेज रफ्तार, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग करने तथा यातायात नियमों की अनदेखी न करने की अपील भी की गई। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यात्रा तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का जिम्मेदारी के साथ पालन करे।
वाहन चालकों से अपील :
दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें।
चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं।
वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें।
निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।
अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
“यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।”
