ब्यूरो रिपोर्ट,बाराबंकी । विकास खंड निंदूरा में करीब 22 माह तक अपनी सेवाएं देने वाले खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) आलोक वर्मा को शुक्रवार को भावभीनी विदाई दी गई। पदोन्नति के उपरांत उनका स्थानांतरण जनपद बिजनौर में जिला परियोजना अधिकारी के पद पर होने पर ब्लॉक परिसर में सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
अपने कार्यकाल के दौरान आलोक वर्मा ने विकास कार्यों को नई गति प्रदान की। उनके नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा मनरेगा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर किए गए कार्यों की क्षेत्र में सराहना होती रही।
सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के कारण आलोक वर्मा कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय लोगों के बीच भी लोकप्रिय रहे। उनके स्थानांतरण की सूचना मिलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित कर उनके योगदान को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए आलोक वर्मा ने निंदूरा ब्लॉक में मिले सहयोग और स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निंदूरा में बिताया गया समय उनके जीवन का महत्वपूर्ण और यादगार अध्याय रहेगा तथा यहां के लोगों का सहयोग हमेशा स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर अभियंता अनिल कुमार सिंह, सचिन यादव, रमाकांत यादव, राजेश यादव, मुरली रावत, महमूदुल हसन, महमूदुल अंसारी, आनंद सिंह, राजेश श्रीवास्तव, राजेश निगम, अभिनव श्रीवास्तव, पूजा सिंह, ग्राम प्रधान मोहम्मद फैसल, अंबर यादव, अमित राणा, एडीओ हरिप्रकाश चौधरी, बजरंगी वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
