सोलर प्लांट में अज्ञात चोरों ने की चोरी, कॉपर वायर समेत सोलर उपकरण लेकर फरार, पुलिस से कि गई शिकायत

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना रामपुर कलां क्षेत्र अंतर्गत बेहमा चौकी क्षेत्र में स्थित एक सोलर प्लांट में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर प्लांट से बड़ी मात्रा में कॉपर वायर, बैटरी, इन्वर्टर, सोलर चार्जर सहित कई महत्वपूर्ण उपकरण चोरी कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह प्लांट कर्मचारियों को हुई, जिसके बाद उन्होंने बेहमा पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत की।

जानकारी के अनुसार बेहमा चौराहे से रामपुर भुजंग जाने वाले मार्ग पर सोलर प्लांट स्थित है। बुधवार रात अज्ञात चोरों ने प्लांट को निशाना बनाते हुए वहां लगे और रखे विभिन्न विद्युत एवं सोलर उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया।

सुबह प्लांट के टीपीआरएमजी आशीष कुमार, सलमान और जितेंद्र को चोरी की जानकारी हुई। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और इसके बाद बेहमा पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।

कर्मचारियों के अनुसार चोरी हुए सामान में डीसीडीबी बसबार एक, बैटरी बसबार दो, 185 वर्ग एमएम 1C कॉपर वायर करीब 15 मीटर, 35 वर्ग एमएम 1C कॉपर वायर करीब 95 मीटर, 165 वर्ग एमएम 2C कॉपर वायर करीब 300 मीटर, 65 वर्ग एमएम 2C कॉपर वायर करीब 50 मीटर, डीजी बैटरी एक, पॉजिटिव-नेगेटिव बसबार दो, 63 एम्पियर पॉली एमसीबी छह, सोलर चार्जर पांच, इन्वर्टर चार तथा केबल गेट समेत अन्य सामान शामिल है।

घटना के बाद प्लांट कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। चोरी किए गए सामान की मात्रा को देखते हुए नुकसान काफी अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों की मदद से अज्ञात चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *