ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकासखंड पहला की ग्राम पंचायत अशरफपुर राजा साहब के मजरा गुरुदीन पुरवा गांव में पिछले करीब पांच वर्षों से गांव का रास्ता बदहाल पड़ा हुआ है। लंबे समय से रास्ते की मरम्मत न होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की खराब स्थिति को लेकर कई बार सीतापुर जिलाधिकारी , महमूदाबाद के उपजिलाधिकारी समेत संबंधित विभाग के अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप समेत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर आई जी आर एस के माध्यम से शिकायत कर समस्या से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक रास्ते की मरम्मत या सुधार का कार्य नहीं कराया गया है।
रास्ता खराब होने के कारण ग्रामीणों, बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा रास्ते पर कीचड़ और जलभराव होने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए गांव से बाहर जाने में भी परेशानी उठानी पड़ती है।
जितेंद्र , राम सूचित , मोहित , अभिषेक , राज कुमार ,संतोष ,सत्यम आदि कई अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से गांव के रास्ते का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराए जाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को वर्षों से चली आ रही समस्या से राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि पांच वर्षों से रास्ते की समस्या झेलने के बावजूद यदि अब तक समाधान नहीं हुआ है, तो जिम्मेदार विभाग को मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
