ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकास खंड पहला की ग्राम पंचायत भेथरा माधव गांव में मुख्य रास्ते पर लंबे समय से गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में बिछाए गए खड़ंजे पर जलभराव की स्थिति बनी रहने से रास्ता पूरी तरह बदहाल हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक इस मुख्य रास्ते पर कई दिनों से पानी भरा होने के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की खराब स्थिति के कारण बाइक सवार भी इस मार्ग से सुरक्षित आवागमन नहीं कर पा रहे हैं।
गांव निवासी त्रिनेश ,राज कुमार,बच्चे लाल, प्रताप, राम किशोर, सुंदर लाल व सुरेंद्र समेत कई अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा खड़ंजे पर कीचड़ और गंदा पानी जमा हो जाता है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से गांव के मुख्य रास्ते का स्थायी समाधान कराने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा खड़ंजे को दुरुस्त कर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
