ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र के अगैया गांव में सोमवार को मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि दामाद ने अपने परिजनों के साथ मिलकर घर आई पत्नी और उसके साथ मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में पत्नी की करीब 60 वर्षीय मां दुलारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी महमूदाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की बेटी मोहिनी ने अपने पति रंगी लाल व सास हेमा मालिनी समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली महमूदाबाद में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
बेटे के इलाज के लिए रुपये मांगने गई थी महिला: जानकारी के अनुसार अगैया निवासी रंगी लाल का करीब 10 वर्ष पूर्व बंशीपुर निवासी भल्लू की पुत्री मोहिनी से विवाह हुआ था। दंपती के तीन बच्चे हैं। हाल ही में मोहिनी ने एक बेटे को जन्म दिया था।
जिसके इलाज के लिए वह 31 अगस्त की दोपहर अपनी करीब 60 वर्षीय मां दुलारी और परिवार के अन्य लोगों में शिल्पी, पुष्पा, सनी व राजन के साथ अपनी ससुराल अगैया पहुंची थी। बताया जा रहा है कि वह बच्चे के इलाज के लिए रुपये मांगने गई थी।
बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद, लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप : घटना के समय मौजूद राजन के मुताबिक, परिवार के लोगों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रंगी लाल ने अपनी मां हेमा मालिनी के साथ संजय, सुशीला, छोटू और राजाराम को साथ लेकर मोहिनी और उसके साथ आए लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने दुलारी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों को अपनी जान बचाकर वहां से निकलना पड़ा।
अस्पताल पहुंचते ही हुई मौत : मोहिनी ने बताया कि किसी तरह वे लोग घायल मां दुलारी को लेकर सीएचसी महमूदाबाद पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मोहिनी ने घटना में शामिल बताए जा रहे सभी छह लोगों के खिलाफ कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगा मौत का कारण: घटना की सूचना मिलते ही महमूदाबाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। वहीं नामजद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
