ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद ग्रामीण क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों की लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या को लेकर क्षेत्र में जनसंपर्क एवं मिलन यात्रा निकाली गई। यात्रा सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के चुनका, लेटुवा, इटैला, दमदापुर, तिंदोहिया, बहेरवा, अशरफपुर, मरहमत नगर और थाना रामपुर कलां क्षेत्र के धीरपुर , बेहमा आदि गांवों से होते हुए बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र के सुलेमपुर, नहर कोठी होते हुए भगौली तीर्थ स्थल पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया।
यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने बेहमा व मरहमत नगर चौराहे से बाराबंकी जिले के नहर कोठी और भगौली तीर्थ स्थल तक जाने वाले जर्जर मार्ग को लेकर अपनी नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग लंबे समय से खराब है और जगह-जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों, बाइक सवारों, किसानों और स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने मांग की कि सीतापुर और बाराबंकी जिले को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण कराकर पक्की सड़क बनाई जाए, जिससे दोनों जिलों के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। ग्रामीणों ने जनसंपर्क के दौरान ‘रोड है तो वोट है’ समेत कई नारे लगाकर सड़क निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया।
यात्रा में दरियापुर गांव से नीरज यादव, अनुज कुमार, संदीप कुमार, कुलदीप यादव, अशोक कुमार, अजीत कुमार, रजनीश कुमार, रामपाल यादव, हिमांशु कुमार, राहुल यादव तथा धीरपुर गांव से अंकित, रोहित यादव, रामेश्वर कुमार, जितेंद्र यादव, अनुज यादव, प्रियांशु यादव, धर्मेंद्र कुमार, नितिन कुमार, राजेंद्र यादव, प्रदीप, विजय यादव, रघुराज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को सीतापुर और बाराबंकी के प्रमुख स्थानों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने और मरीजों को अस्पताल तक ले जाने में भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।
