ब्यूरो रिपोर्ट फतेहपुर: थाना बिंदकी क्षेत्र के ग्राम हरदौली गांव में जियो टावर के एक टेक्नीशियन को स्थानीय लोगों द्वारा बंधक बनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वायरल वीडियो में कुछ लोग टेक्नीशियन को बंधक बनाए हुए दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि संबंधित लोगों ने एक वीडियो बनाकर क्षेत्र में मोबाइल फोन पर 5G नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने की बात कही और इसी वजह से टेक्नीशियन को बंधक बनाने की बात सामने आई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने प्रकरण से जुड़े छह अभियुक्तों को हिरासत में लिया। सभी के विरुद्ध नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। साथ ही पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।
